तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी मौके पर दर्दनाक मौत


कोरबा पाली, कटघोरा-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा घुईचुवा के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान ग्राम उतरदा निवासी पुजेरी मरकाम आयु लगभग 35 वर्ष के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 9:30 बजे पुजेरी मरकाम अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 12 बीके 3728 से चैतमा की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर रॉन्ग साइड से वाहन चला रहे थे। इस दौरान जब वह घुईचुवा के पास पहुंचे, तभी अचानक बाइक को मोड़ने की कोशिश की। उसी वक्त सामने से तेज रफ्तार बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 07 बीवाई 9032 वहां से गुजर रही थी, जिसने अनियंत्रित होकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार करीब 20 फीट दूर छिटक कर गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही चैतमा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने डायल 112 की मदद से घायल को तत्काल पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत पुजेरी मरकाम को मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद बोलेरो वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तेज रफ्तार इस दुर्घटना के प्रमुख कारण रहे हैं।



पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात नियमों का पालन करें, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही सामाजिक संगठनों ने भी लोगों से आग्रह किया है कि माता-पिता अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें वे कहां जा रहे हैं, किस उद्देश्य से जा रहे हैं और वाहन चलाने के दौरान उनकी आदतें कैसी हैं। अक्सर लापरवाही, ओवरस्पीडिंग और नशे की हालत में वाहन चलाने से सड़क हादसे बढ़ रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post