*कटघोरा।* कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर अमलडीहा बस स्टैंड के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार घटना बीती रात करीब 2:00 बजे की है। मृतक की पहचान ग्राम बनवार निवासी 21 वर्षीय सागर कंवर के रूप में हुई है, जो एफसीआई (FCI) में चावल लोड गाड़ियों में हमाली का काम करता था। रोज की तरह काम खत्म कर वह अपनी पल्सर NS बाइक क्रमांक CG 12 BP 0637 से कटघोरा से अपने गांव बनवार लौट रहा था।
इसी दौरान अमलडीहा बस स्टैंड के पास कोयला लोड कर ACB एम पावर प्लांट जा रही ट्रेलर क्रमांक MP 65 H 4677 सड़क किनारे अंधेरे में बिना किसी इंडिकेटर और रेडियम के खड़ी थी। अंधेरा ज्यादा होने के कारण बाइक सवार को खड़ी ट्रेलर नजर नहीं आई और बाइक सीधे ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में पहचान नहीं हो पाने के कारण शव को मरच्यूरी में रखवाया गया था, सुबह शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी गई।
*अंधेरे में खड़ी गाड़ियां बन रही काल*
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेंड्रा मार्ग पर कोयला व अन्य सामग्री लेकर चलने वाली भारी गाड़ियां अक्सर बिना पार्किंग लाइट और संकेतक के मुख्य मार्ग पर ही खड़ी कर दी जाती हैं। सड़क पर पर्याप्त रोशनी न होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
