हरदीबाजार। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोईदा में शासन-प्रशासन के विशेष निर्देश एवं प्राचार्य पूनम दुबे के संरक्षण में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व दिवस आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालय में दीप प्रज्वलन, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के साथ रंगोली, नुक्कड़ नाटक तथा अन्य विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कार, सेवा भावना, पुरुषार्थ, कर्मठता, प्रतिस्पर्धा, आपसी भाईचारा, सद्भावना एवं उत्साह जैसे गुणों का विकास करना है।
कार्यक्रम प्रभारी एवं किसान मोर्चा हरदीबाजार के अध्यक्ष तुंगन पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री के प्रमुख कार्यों तथा विजन 2047 और विकसित भारत की परिकल्पना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
विद्यालय की प्राचार्य पूनम दुबे ने प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं भाषण सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
राजेन्द्र नायक ने कहा कि यह एक राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को मंच मिलता है और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में तुंगन पटेल, रवि शंकर कंवर, गौरी बाई मरावी, फिरन सिंह कंवर, बसंत कुमार कंवर, गुलाब सिंह कंवर, सहदेव नायक, प्राचार्य पूनम दुबे, वीरेंद्र कुर्रे, राजेन्द्र नायक, देवी दयाल सिंह, पुरुषोत्तम देवांगन, जितेंद्र कुमार नेटी, भारती सिंह तोमर, सुनील कुमार मिश्रा, परमेश्वर राव मराठा, भाग्यश्री पांडेय, सेत कुमार सांड, गौरव कुमार सिंह, किरण जांगड़े, श्यामा मरावी एवं पुष्पेंद्र कंवर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
