कोरबा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा में शुक्रवार को ब्लैक डे एवं मातृ-पितृ पूजन दिवस के अवसर पर भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन धारण कर की गई। उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकों ने शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
इसके पश्चात मातृ-पितृ पूजन दिवस कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें सामाजिक संस्था ‘संस्कारम’ की संरक्षिका श्रीमती चित्रलेखा चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि माता-पिता ही जीवन के प्रथम गुरु होते हैं। उनके संस्कार, त्याग और मार्गदर्शन से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने छात्राओं से माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं सेवा भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लीनेस ममता रानी वासन ने आधुनिक जीवनशैली के दौर में पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में बच्चों को माता-पिता से सतत संवाद बनाए रखना चाहिए तथा उनके अनुभवों से सीख लेकर जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में माता-पिता के प्रति आदर, प्रेम एवं सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा। इस अवसर पर सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती सविता पाठक ने किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह, वरिष्ठ व्याख्याता सुषमा द्विवेदी, रेणुका नायक एवं उमा साहू, समाजसेविका लीनेस गायत्री नायक सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। अंत में व्याख्याता रेणुका लदेर ने आभार प्रदर्शन किया।

