कोरबा। कटघोरा- पेंड्रारोड सड़क मार्ग जर्जर हो चुका है। इसके चलते बस संचालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग में चलने वाली बसों के पहिए निर्धारित समय से पूर्व ही घिसने लगे हैं। बसों के कलपुर्जे भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। बस संचालकों को आर्थिक क्षति भी पहुंच रही है। बस संचालक जर्जर सड़क को लेकर चिंतित नजर आने लगे हैं।
कटघोरा से पेंड्रा सड़क मार्ग में सैकड़ों बसें व अन्य भारी वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। सड़क मार्ग से कई बड़े शहरों को भी जोड़ा गया है। सड़क जर्जर होने की वजह से वाहनों को धीमी रफ्तार में चलाया जा रहा है। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर सड़क की वजह से बसें इस मार्ग में हिचकोले लेने लगी है।
जानकारी के अनुसार कटघोरा पेंड्रा रोड तक सड़क निर्माण के लिए टेंडर भी जारी हो चुका है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा सड़क का निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं कराया गया है। गर्मी का मौसम समाप्त होने के बाद बरसात का मौसम शुरू हो जाएगा। ऐसे में सड़क मार्ग का कार्य अधर में लटक जाएगा। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों ने सड़क के जीर्णोद्धार की मांग रखी है।
