दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत*


पाली क्षेत्र के चैतुरगढ़ मार्ग पर स्थित अधिवक्ता भैया लाल जयसवाल के घर के सामने शनिवार शाम को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।


मृतक की पहचान अन्नू मरपच्ची 22 वर्ष निवासी ग्राम बनबांधा के रूप में हुई है। घायल युवकों के नाम पुष्पराज 24 वर्ष और अरुण 22 वर्ष बताए जा रहा हैं, जो उसी गांव के निवासी हैं। तीनों युवक एक ही बाइक क्रमांक CG 12 BM 4540 में सवार होकर पाली आए थे। वे गणेश विसर्जन के समान लेने पाली आए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब ये युवक पाली में चैतुरगढ़ मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने एक कार को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठे अन्नू छिटककर दूर जा गिरा और सर के बल जमीन पर गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

गौरतलब है कि पाली नगर पंचायत क्षेत्र की यह सड़क सबसे व्यस्ततम मार्गों में से एक मानी जाती है। सोमवार से शनिवार तक इस मार्ग पर भारी वाहन, दोपहिया वाहन और पैदल यात्रियों की भीड़ रहती है। इसके अलावा दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर सामान फैला कर रखते हैं और राहगीरों के लिए स्थान और भी संकरा हो जाता है। गलत पार्किंग, दुकानों के आगे खड़ी बाइकों और सड़क किनारे अतिक्रमण की वजह से आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मार्ग पर विशेष ध्यान देना चाहिए, साथ ही अतिक्रमण हटाने और पार्किंग की उचित व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। दुर्घटना के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है, जिसे रविवार सुबह किया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे से ग्राम बनबांधा सहित पाली क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। गणेश उत्सव की खुशियों के बीच इस दुःखद घटना ने पूरे क्षेत्र को ग़मगीन माहौल में डाल दिया है। ग्रामीणों और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post