जयसिंह अग्रवाल ने जन्माष्टमी पर विभिन्न मंदिरों में की पूजा-अर्चना, बालस्वरूप श्रीकृष्ण को झूला झुलाया *कोरबावासियों के सुख-समृद्धि की कामना की*


*कोरबा।* श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं के साथ पर्व मनाया।


श्री अग्रवाल ने सप्तदेव मंदिर, श्री श्याम मंदिर, राम-जानकी मंदिर सहित परसाभाठा, बालको स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर तथा शहर के अन्य मंदिरों में दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बालस्वरूप भगवान श्रीकृष्ण को श्रद्धापूर्वक झूला झुलाया तथा क्षेत्रवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। विभिन्न मंदिरों में उन्होंने श्रद्धालुओं से भेंट कर उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।




इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल धार्मिक आस्था का आधार नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला और कर्तव्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म का साथ नहीं छोड़ा तथा कर्म को सर्वोच्च महत्व दिया।


उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व हमें अपने भीतर प्रेम, करुणा, धैर्य और सकारात्मकता का भाव विकसित करने की प्रेरणा देता है। हमारे पर्व और धार्मिक परंपराएं समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं।


उन्होंने युवाओं से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को समझने और अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।


जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में विशेष सजावट एवं धार्मिक आयोजन किए गए। भगवान के बालस्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।


*- रिपब्लिक दृष्टि, कोरबा*

Post a Comment

Previous Post Next Post