कटघोरा/केंदई, दिनांक 23.06.2026
आज दिनांक 23.06.2026 को प्रातः लगभग 05:30 बजे ग्राम पतुरिया डांड निवासी सुखमत बाई, पति लोडुराम, उम्र लगभग 70 वर्ष, की एक लोनर हाथी के हमले से मृत्यु हो गई।
उक्त लोनर हाथी लगभग दो दिवस पूर्व सरगुजा वनमंडल क्षेत्र से इस क्षेत्र में प्रवेश किया जिसकी निगरानी वन विभाग द्वारा की जा रही थे। दिनांक 23.06.2026 को ग्राम पतुरिया डांड क्षेत्र में उक्त हाथी द्वारा आकस्मिक रूप से सुखमत बाई पर हमला किया गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा तथा आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की गई। मृतका के परिजनों को जनपद सदस्य एवं ग्राम सरपंच की उपस्थिति में तात्कालिक सहायता राशि 25000 रुपए प्रदान की गई। वन विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की मुआवजा संबंधी कार्यवाही की जा रही है।
क्षेत्र में हाथी की उपस्थिति को देखते हुए ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, प्रातः एवं रात्रि के समय जंगल अथवा खेतों की ओर अकेले न जाएं, हाथी के नजदीक जाने का प्रयास न करें तथा हाथी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। वन अमले द्वारा हाथी की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है एवं ग्रामीणों को लगातार सावधानी बरतने हेतु समझाइश दी जा रही है।
